Coronavirus का इलाज बेच रहा था यह एक्टर, किया गया गिरफ्तार
मुंबई : एक तरफ जहां कोरोना वायरस (Coronavirus) को लेकर हर तरफ हाहाकार मचा हुआ है और लोग इसके इलाज का इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच ‘आयरन मैन 2’ और हिट टेलीविजन सीरीज ‘एनटूरेज’ में काम कर चुके एक्टर कीथ लॉरेंस मिडलब्रूक (Keith Lawrence Middlebrook) को एफबीआई (फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन) के एंजेटों ने गिरफ्तार कर लिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्टर कथित तौर पर कोरोनावायरस का नकली इलाज बेच रहे थे, जिसकी जानकारी मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है.
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों को मिडलब्रूक कथित तौर पर क्वॉन्टम प्रिवेंशन सीवी इंक नाम की एक कंपनी की वह दवाइयां खरीदने की सलाह दे रहे थे, जिसके बारे में उन्होंने दावा किया है कि यह कोविड-19 के संक्रमण को रोकने में मददगार है. एक्टर को एफबीआई के एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद पकड़ा गया है. बता दें एक्टर को बीते 25 मार्च को ही लॉस एंजेलिस (Los Angeles) में गिरफ्तार किया गया.
इस स्टिंग ऑपरेशन के दौरान उन्हें एक निवेशक के तौर पर एक अंडरकवर एजेंट को गोलियों का एक पैकेट देते हुए पकड़ा गया है. यही नहीं मिडिलब्रूक ने इस कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के रूप में फेमस बास्केटबॉल खिलाड़ी अर्विन ‘मैजिक’ जॉन्सन के होने का भी झूठा दावा किया था.
हालांकि, जांच में सामने आया है कि जॉन्सन को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है. मिस्टर जोहान्सन ने जांचकर्ताओं से इस बात की पुष्टि की कि वह मिडलब्रूक की कंपनी के बारे में कुछ नहीं जानते हैं और ना ही वह इसके बोर्ड मैंमर्स में शामिल हैं. बता दें कैलीफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के लिए अमेरिकी अटॉर्नी निक हैना ने भी कोरोनावायरस (Coronavirus) महामारी के बढ़ते केसों को देखते हुए इस तरह के दावों से सावधान रहने की चेतावनी दी.