निजी बैंक के अधिकारी को बंधक बनाकर लूटा, Google Pay से ट्रांसफर करवाए रुपए, गिरफ्तार

कपूरथला में दिनदहाड़े एक निजी बैंक के अधिकारी को बंधक बनाकर उससे लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। बदमाशों ने उसे धमकाया और फिर गूगल-पे से अपने बैंक खाते में रुपए भी ट्रांसफर करवाए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सिटी थाना में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान मोहल्ला लाहोरी गेट के अमरजीत सिंह और मोहल्ला मेहताबगढ़ के रहने वाले राजकुमार के तौर पर हुई है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर लाभ सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड दौरान उनसे पूछताछ में और भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।


