देश भर की 73 टीमों को पछाड़ कर सुभारती मेडिकल कॉलेज ने किया शानदार प्रदर्शन

एम्स भोपाल में नेशनल फिजियोलॉजी क्विज
एम्स भोपाल चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में फिजियोलॉजी विभाग द्वारा 7वें नेशनल अंडरग्रेजुएट फिजियोलॉजी क्विज का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से कुल 73 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया गया। 10 मई को हुए पहले ऑनलाइन स्क्रीनिंग चरण से शीर्ष 20 टीमों का चयन हुआ।
कड़े मुकाबलों के बाद फाइनल में पहुंचीं 5 टीमें
एम्स पटना की टीम ने मारी बाजी
12 मई को आयोजित दूसरे चरण में से केवल पांच सर्वश्रेष्ठ टीमों ने फाइनल का टिकट कटाया। 22 मई को एम्स भोपाल में आयोजित हुए फाइनल मुकाबले में एम्स पटना, एम्स कल्याणी, सुभारती मेडिकल कॉलेज (मेरठ) और डॉ. डी. वाई. पाटिल स्कूल ऑफ मेडिसिन की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
रोमांचक फाइनल राउंड के बाद एम्स पटना की कासुरीना पॉल और रचित ग्रोवर की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं उत्तर प्रदेश के सुभारती मेडिकल कॉलेज की डोयल और अनुष्का गुप्ता प्रथम उपविजेता तथा एम्स कल्याणी के शोएब खान और अनिकेत घोष द्वितीय उपविजेता रहे। डॉ. डी. वाई. पाटिल स्कूल ऑफ मेडिसिन की दो अन्य टीमों ने क्रमशः चौथा व पांचवां स्थान प्राप्त किया।
सीईओ और डीन ने बढ़ाया उत्साह
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक व सीईओ प्रो. माधवानन्द कर ने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दीं। डीन (अकादमिक) प्रो. रजनीश जोशी ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं मेडिकल छात्रों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और टीमवर्क को बढ़ाती हैं, जिससे भविष्य में मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा। कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में प्रो. राजय भारशंकर व प्रो. संतोष वाकोड़े शामिल रहे, जबकि आयोजन सचिव की जिम्मेदारी डॉ. संदीप एम. हुल्के ने निभाई।
