खुशखबरी: निजी वाहन हुए टोल मुक्त, अब नहीं वसूला जाएगा टोल
राज्य के सभी राजमार्गों (राष्ट्रीय उच्च मार्गों के अतिरिक्त) पर शनिवार रात 12 बजे से निजी वाहनों के लिए टोल का टंटा खत्म हो जाएगा। रात 12 बजे बाद राज्य के सभी राजमार्ग निजी वाहनों के लिए टोल मुक्त हो जाएंगे।
इसके बाद इन मार्गों पर यदि कोई निजी वाहनों से टोल वसूलता मिला, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। राज्य सरकार ने एक अप्रेल से प्रदेश भर में निजी वाहनों को टोल मुक्त करने की घोषणा कर दी है। इसके आदेश सभी टोल कम्पनियों तक पहुंच गए हैं। टोल कम्पनियों ने भी अपने सभी टोलों पर इन आदेशों की प्रति पहुंचा दी है।
बचेंगे करीब 8 लाख
अलवर जिले में रिडकोर, आरएसआरडीसी व पीडब्ल्यूडी के करीब 17 टोल हैं। टोल प्लाजा संचालकों के अनुसार अलवर में स्थापित टोल प्लाजाओं से प्रतिदिन करीब 28 लाख रुपए की टोल वसूली होती थी, जिसमें से 70 प्रतिशत राशि व्यावसायिक वाहनों से प्राप्त होती थी। इस हिसाब से सरकार के निजी वाहनों को टोल मुक्त करने से अकेले अलवर में प्रतिदिन 8 लाख रुपए बचेंगे।
रात को घूमेंगी टोल कम्पनियों की स्क्वाइड
टोल माफ होने के बाद भी निजी वाहनों से टोल वसूली को रोकने के लिए शनिवार रात से ही टोल कम्पनियों की निरीक्षण टीमें टोल प्लाजाओं पर घूमेंगी। इस दौरान यदि किसी निजी वाहन चालक से कोई टोलकर्मी टोल वसूलता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। निजी वाहन चालक को भी टोल वसूली की शिकायत का प्रमाण देना होगा।
अलवर में लोगों को बड़ी राहत
खैरथल की ओर से अलवर आने के दौरान 45 किलोमीटर के सफर में दो बार टोल देना पड़ता था, वहीं किशनगढ़ से अलवर के रास्ते में भी दो बार टोल देना पड़ता था, टोल मुक्ति के बाद अलवर वासियों को टोल के टंटे से बड़ी राहत मिली है।
राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में निजी वाहनों को टोल मुक्त कर दिया है। शनिवार रात १२ बजे बाद किसी भी टोल पर निजी वाहनों से टोल वसूली नहीं की जाएगी। इसके आदेश सभी टोलों पर पहुंच गए हैं।



