पंजाब में डोप टेस्ट का क्रेज, बेटे के साथ शिक्षामंत्री ओपी सोनी पहुंचे अस्पताल…विधायक भी लाइन में
जब से मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भर्ती और प्रमोशन के लिए डोप टेस्ट अनिवार्य किया है, तब से मंत्रियों, अफसरों और विधायकों में जांच कराने की होड़ लग गई है। इसी कड़ी में शनिवार को प्रदेश के शिक्षा मंत्री ओपी सोनी अपने बेटे और काउंसिलर विकास सोनी के साथ अस्पताल पहुंचे और टेस्ट कराया। शुक्रवार को स्पीकर राणा केपी सिंह, आम आदमी पार्टी के रोपड़ से विधायक अमरजीत सिंह संदोआ और मौड मंडी से आप विधायक जगदेव सिंह कमालू ने डोप टेस्ट कराया था।
सिर्फ पुलिसकर्मियों को गलत ठहराना जायज नहीं : राणा केपी
स्पीकर राणा केपी सिंह ने शुक्रवार को मोहाली सिविल अस्पताल में डोप टेस्ट करवाया। उन्होंने कहा कि नशे की बीमारी राज्य के लिए समस्या बनी हुई है। इसे खत्म करने को सभी वर्गों को मिल कर प्रयास करना होगा। सिर्फ पुलिसकर्मियों को गलत ठहराना जायज नहीं, क्योंकि काली भेड़ें कहीं भी हो सकती हैं। जिस तरह पंजाब पुलिस ने आतंकवाद केखिलाफ लड़ाई लड़ी थी, उसी तरह यह नशों के खिलाफ भी सार्थक नतीजे लाएगी। सियासतदानों को भी पार्टीबाजी से ऊपर उठ कर नशों के खिलाफ जंग लड़नी चाहिए।
कैप्टन मंत्रियों का भी कराएं डोप टेस्ट: कमालू
आप विधायक जगदेव सिंह कमालू ने बठिंडा के सिविल अस्पताल पहुंच कर अपना डोप टेस्ट करवाया। इस मौके उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सीएम अमरिंदर सिंह लोगों के बढ़ते दबाव के आगे झुककर डोप टेस्ट कराने की बात कर रहे हैं। वे अपने मंत्रियों के भी टेस्ट करवाएं।

