फिल्लौर (ज्ञान सिंह): महाराजा रणजीत सिंह पंजाब पुलिस अकादमी, फिल्लौर में ‘पंजाब पुलिस में महिलाओं की मुख्यधारा में भागीदारी’ विषय पर जेंडर सेंसिटिविटी (लिंग-संवेदनशीलता) ट्रेनिंग प्रोग्राम का तीसरा चरण आयोजित किया गया। इस दौरान सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अल्पसंख्यक, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं।
इस मौके पर बोलते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब पुलिस द्वारा ‘पंजाब पुलिस में महिलाओं की मुख्यधारा में भागीदारी’ विषय पर आयोजित यह सेमिनार एक बहुत ही सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में ऊंचे पदों पर महिलाओं की मौजूदगी यह दिखाती है कि सिस्टम में महिलाओं का योगदान बढ़ रहा है और इससे जेंडर बायस (लिंग-भेदभाव) को लेकर सोच बदलने में मदद मिली है।
स्पेशल DGP कम्युनिटी अफेयर्स डिवीजन (CAD) गुरप्रीत कौर देओ ने बताया कि यह ट्रेनिंग प्रोग्राम, पंजाब पुलिस के कम्युनिटी अफेयर्स डिवीजन (CAD) द्वारा J-Pal साउथ एशिया और हरटेक फाउंडेशन के सहयोग से चलाया जा रहा एक व्यापक प्रभाव मूल्यांकन (इम्पैक्ट असेसमेंट) ट्रेनिंग प्रोग्राम है। यह दिसंबर 2025 से चल रही जेंडर सेंसिटिव ट्रेनिंग का तीसरा और आखिरी चरण है।
महाराष्ट्र कैडर की पूर्व DGP मीरन चड्ढा बोरवंकर और पंजाब कैडर के पूर्व DGP आर. सी. सिंह ने भी ट्रेनिंग प्रोग्राम के मुख्य पहलुओं के बारे में जानकारी दी।
