*👉🏻 गांव वरियाणा के सरपंच व होटल कारोबारी की पत्नी से गन प्वाइंट पर कार लूटी*
जालंधर,1 जून-(प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर 2 के अंतर्गत पड़ते दुर्गा कॉलोनी के पास दो युवकों ने गन प्वाइंट पर सरपंच व होटल कारोबारी जसविंदर सिंह सरोआ पुत्र स्वर्गीय गुरबख्श सिंह सरोआ की पत्नी तरलोचन कौर सरोआ से उनकी फॉर्चूनर गाड़ी (PB08-CV-7175) लूट ली। तरलोचन कौर सरोआ ने बताया कि वह सुबह 5:00 बजे अपने घर वरियाना से फॉर्चूनर गाड़ी में ड्राइवर राजकुमार राजू के साथ दरबार साहब के लिए निकली थी। जैसे ही एच एम वी कॉलेज रोड पर दुर्गा कॉलोनी के नजदीक पहुंचे तो सड़क पर पत्थर पड़े हुए हैं। ड्राइवर ने कार धीरे कर जैसे ही साइड से निकालने की कोशिश की तो अचानक ही दो युवक गाड़ी के आगे आ गए और उन्हें गन प्वाइंट पर लेकर बाहर निकलने के लिए कहा। ड्राइवर के मना करने पर उन्होंने कार की अगली सीट का शीशा तोड़ दरवाजा खोल लिया और ड्राइवर से मारपीट शुरु कर दी। दोनों युवकों ने उन्हें गाड़ी से बाहर निकाल दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

