*👉🏻 विधायक रिंकू ने अवैध कॉलोनी में दो प्लाटों की करवाई रजिस्ट्री:-अमित तनेजा* *👉🏻 मुझे व मेरे परिवार को कोई नुकसान हुआ तो उसका जिम्मेदार विधायक रिंकू:-शीतल अंगुराल*

जालंधर,20 जून-(प्रदीप भल्ला)-स्थानीय पंजाब प्रेस क्लब में पत्रकारवार्ता करते हुए भाजपा नेता अमित तनेजा व शीतल अंगुराल ने वेस्ट क्षेत्र के विधायक सुशील रिंकू पर अवैध कॉलोनियों में हिस्सेदारी होने का इल्जाम लगाया। दोनों भाजपा नेताओं ने खुलासा करते हुए बताया कि वेस्ट क्षेत्र में एक डेरे के सामने अवैध कॉलोनी में विधायक रिंकू ने दो प्लाट लिए है। जिनकी रजिस्ट्री उनकी पत्नी सुनीता रिंकू के नाम पर हुई है, जो कि एक महीना पहले ही की गई है। दोनों रजिस्ट्रियों में एक कमर्शियल और एक रिहाइशी रजिस्ट्री करवाई गई है। जबकि उक्त कॉलोनी अवैध बताई गई है और कॉलोनियों की एनओसी नहीं हो रही है। इसके बावजूद उक्त कॉलोनी में दोनों प्लाटों की रजिस्ट्री कैसे हो गई और विधायक को कैसे पता कि एक प्लॉट रेजिडेंशियल है और एक कमर्शियल है। क्योंकि अभी तो कॉलोनी पास ही नहीं हुई है तो रिहाइशी और कमर्शियल जगहों का निर्णय कैसे हो गया। इसके इलावा वेस्ट क्षेत्र में ऐसी कितनी ही कॉलोनियां है जिनमें विधायक रिंकू की हिस्सेदारी है। शीतल अंगुराल और अमित तनेजा ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिस दिन निगम की टीम अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करने के लिए जा रही थी तो विधायक रिंकू ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर कार्रवाई को इसलिए रोक दिया था कि वह दो-दो मरले के मकानों में रहने वाले लोगों को सड़क पर नहीं ला सकते। वह पूछना चाहते हैं कि किस कॉलोनी में दो-दो मरले के मकान बने हुए हैं जिन्हें व तोड़ने से रोक रहे थे। अमित तनेजा ने कहा कि वह खुद सरकार से मांग करेंगे कि 5 मरले तक के मकान को भी फीस लेकर मंजूरी दी जाए। लेकिन विधायक रिंकू किस कॉलोनी की बात कर रहे हैं जिसमें दो-दो मरले के मकान बने हुए हैं। विधायक रिंकू अपने निजी नुकसान को होने से बचाने की खातिर ही विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिंदर सिंह से पूछा है कि वह बताएं कि उनका मंत्री सही निर्णय ले रहा है या उनका विधायक। पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए शीतल अंगुराल ने कहा कि मैंने विधायक के खिलाफ खुलकर बातें की हैं और उनकी अवैध कॉलोनियों में हिस्सेदारी उजागर की हैं। जिस के विरोध में विधायक या उसके समर्थक मेरा या मेरे परिवार का नुकसान जरूर करेंगे। अगर मेरे या मेरे परिवार का कोई नुकसान होता है तो उसका जिम्मेदार विधायक ही होगा। इसलिए मेरे और मेरे परिवार की सुरक्षा यकीनी बनाई जाए।
—————————————————————————————-
–-क्या कहा विधायक रिंकू ने —
जब इस बारे में विधायक सुशील रिंकू से बात की गई तो उन्होंने कहा कि जिन प्लाटों की बात दोनों भाजपा नेताओं ने कही है वह उन्होंने काफी पहले ही लिए हुए थे। लेकिन उनकी रजिस्ट्री जो है वह कुछ महीने पहले ही करवाई है। बाकी जिन कॉलोनियों के बारे में वह बात कर रहे हैं कि मेरी उन में हिस्सेदारी है वह सरासर गलत है। वह गरीबों के हक के लिए खड़े हुए थे और आगे भी पब्लिक के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।