हैडलाइन एक्सप्रेस ब्यूरो दिल्ली भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर में पुलिस ने जुए के एक बड़े अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 6.20 लाख रुपये नकद, ताश के पत्ते, नंबर बोर्ड, सट्टे की पर्चियां और जुए में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह जुए का अड्डा करीब एक साल से संचालित किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, बाहरी उत्तरी जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड को मुकुंदपुर स्थित 25 फुटा, सोम बाजार के पास जुआ खिलाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार तड़के परिसर की घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिसर के बाहर से ही घेराबंदी कर प्रवेश और निकास के रास्तों को बंद कर दिया। इसके बाद टीम ने अचानक कार्रवाई करते हुए अंदर छापा मारा। पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया।
परिसर में लंबे समय से जुए का कारोबार चल रहा
टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 22 लोगों को पकड़ लिया। इनमें देव और गुप्ता जी नाम से पहचाने गए दो लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने नकदी लेकर भागने की कोशिश की थी। छापे के दौरान पुलिस ने करीब 6.2 लाख रुपये की नकदी के अलावा ताश के पत्ते, नंबर बोर्ड, सट्टे की पर्चियां और जुए से संबंधित अन्य सामान जब्त किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उक्त परिसर में लंबे समय से जुए का कारोबार चल रहा था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर जुए के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि का संचालन कौन कर रहा था और इसमें कितने अन्य लोग शामिल हैं।

