*👉🏻 ट्रैवल एजेंट की धोखाधड़ी से एक और नौजवान बलि चढ़ा*

जालंधर,21 जून-(प्रदीप भल्ला)- एक और नौजवान ट्रैवल एजेंट की बलि चढ़ गया। थाना डिवीजन नंबर 5 के अंतर्गत पड़ते न्यू रसीला नगर निवासी राजन सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी न्यू रसीला नगर ने पंखे के साथ फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक के भाई मलकीत सिंह ने बताया कि उसके भाई राजन ने अमेरिका जाने के लिए घास मंडी में रहने वाले मनजीत सिंह नामक ट्रेवल एजेंट को साढे 1,300000 रुपए दिए थे और ₹2,00000 अमेरिका पहुंचने पर देने का वादा किया था। लेकिन ट्रेवल एजेंट ने 3 महीने पहले राजन को अमेरिका की जगह मेक्सिको भेज दिया। जहां पर राजन 3 महीने धक्के खाने के बाद वापस इंडिया आ गया और 2 दिन पहले ट्रैवल एजेंट के पास गया और उसे कहा कि तुमने धोखे से अमेरिका की जगह मुझे मेक्सिको भेज दिया। ट्रैवल एजेंट के दफ्तर में कहासुनी होने के बाद राजन घर आया और बुधवार शाम 5:30 बजे पंखे के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसकी शिकायत थाना पांच की पुलिस को दी गई है। पुलिस ने ट्रेवल एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।