उत्तर प्रदेश (हैडलाइन ब्यूरो) शामली जिले में जिम से बाहर निकलते ही यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन पर 18 राउंड फायरिंग की। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर अंकित बालियान को अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना लेकर शामली एसपी एनपी सिंह ने बताया, “डायल 112 पर एक कॉल आई थी। सूचना मिली थी कि बंटी खेड़ा निवासी अंकित बलियान जिम आया था। जिम से निकलते ही 3-4 लोगों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। हमने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पुलिस टीमें मामले की जांच कर रही हैं।”
वहीं, अंकित के परिवार वालों ने हमलावरों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है।अंकित बालियान हरियाणवी संगीत और सोशल मीडिया की दुनिया में सक्रिय थे। वह अपने गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ से काफी चर्चित हुए थे। साल 2023 में शामली में उनके रोड शो की भी चर्चा हुई थी। उन्हें बंतीखेड़ा निवासी हरियाणवी कलाकार बताया गया था।
अंकित बालियान जिला पंचायत चुनाव की कर रहे थे तैयारी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अंकित बालियान इन दिनों जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे। हालांकि, अभी तक हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वारदात की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
