*👉🏻नशे की ओवरडोज़ से जालंधर के युवक की मौत*
जालंधर,7 जुलाई-(हरदीप सिंह बब्बू)- जालंधर कैंट में नशे की ओवरडोज से 24 साल के युवक की मौत हो गई। जालंधर कैंट के 32 नंबर मोहल्ला के रहने वाले रॉकी लाहौरिया उर्फ लाडी पुत्र विजय की नशे की ओवरडोज के कारण मौत हो गई। मृतक युवक की मां कैंटोनमेंट बोर्ड में कार्यरत है। जानकारी के मुताबिक मृतक युवक कोई भी काम नहीं करता था और काफी समय से वह नशे का आदी था। मृतक युवक की मां ने बताया कि उसकी कुछ महीने पहले ही शादी कर दी थी कि शायद वह सुधर जाए और नशा छोड़ दे। लेकिन लाडी ज्यादा नशा करने लगा था। नशे के कारण उसने घर का भी सामान बेच दिया था। लेकिन नशे की आदत ने उसकी जान ले ली। मृतक लाडी की मां रो-रोकर मुख्यमंत्री पंजाब से यही अपील कर रही थी कि नशे के सौदागरों को पकड़ कर जेल में भेजा जाए ताकि लाडी की तरह पंजाब का कोई और बच्चा अपनी जान ना गंवा दें।


