दिवाली और छठ के लिए ट्रेनों में नहीं मिल रहा कन्फर्म टिकट, 4 महीने पहले ही सीटें हो रही हैं फुल
दिवाली-छठ के लिए अभी से ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। चार माह पहले रिजर्वेशन शुरू होते ही सीटें भर जा रही हैं। काउंटर खुलने के एक घंटे के अंदर ही दलाल फर्जी नामों से टिकट बुक करा ले रहे हैं। ऐसे में दिवाली और छठ पर घर आने वालों को तत्काल टिकट का ही भरोसा दिख रहा है। बिहार आने वाली सभी ट्रेनों का यही हाल है।
टिकट नहीं मिलने पर बाहर रहने वाले बिहार के लोगों को दिवाली व छठ के समय अपने गावं-घर आना मुश्किल हो रहा है। दिल्ली, सूरत, अमृतसर, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरू जैसे शहरों से आने वाली ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। टू एससी, थ्री एसी और स्लीपर क्लास के टिकट अभी से वेटिंग में चले गए हैं। यही नहीं 3 नवंबर से 6 नवंबर के बीच कुछ ट्रेनों में तो स्लीपर क्लास के टिकट के लिए नो रूम तक आ गया है। ऐसे में रिजर्वेशन काउंटरों और साइबर कैफे से टिकट लेने जाने वाले निराश लौट रहे हैं।
चार माह पहले शुरू होता है रिजर्वेशन
यात्रा की तिथि से चार माह पहले रिजर्वेशन शुरू होता है। बुधवार को 8 नवंबर तक का टिकट कटना था, लेकिन दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, अमृतसर आदि शहरों से आने के लिए 1 से 8 नवंबर के बीच की सीटें फुल हो गई हैं।
काउंटर पर मिल रही निराशा
इसे आस्था के पर्व पर घर आने वाले लोगों को निराशा हाथ लग रही है। दिल्ली में रह रही सुमन सिंह को छठ मनाने बिहार को अपने गांव में आना था। 7 नवंबर का टिकट लेने के मंगलवार को एक साइबर कैफे में गई थीं। वहां उन्हें वेटिंग टिकट मिल रहा था। ऐसे में उन्होंने रेलवे के पीआरएस काउंटर पर टिकट लेने की सोची। बुधवार की सुबह वे टिकट लेने जब ओखला स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर पर पहुंची तो करीब एक घंटे लाइन में लगने के बाद उनका नंबर आया।
एक नवंबर से कुछ ट्रेनों में है सीटें
दिवाली 7 नवंबर को है। इससे पहले सीट खाली नहीं है। हालांकि 1 नवंबर से पहले कुछ ट्रेनों में जगह खाली दिख रही है। हालांकि दिल्ली से दिवाली के दिन 7 नवंबर का टिकट अभी भी कुछ ही ट्रेनों में दिख रहा है।
अभी नहीं हुई एक भी विशेष ट्रेन की घोषणा
छठ के समय बिहार आने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ की आशंका के आवजूद रेलवे द्वारा अभी तक कोई विशेष ट्रेन की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि प्रतिवर्ष दीपावली के समय कुछ छठ स्पेशल ट्रेनें देश के महत्वपूर्ण स्टेशनों से बिहार के शहरों के लिए चलाई जाती हैं। रेलवे द्वारा इस साल भी कुछ ट्रेनें चलाई जाएंगी। लेकिन किन शहरों से कब ये ट्रेनें खुलेंगी, अगर इसकी जानकारी यात्रियों को अभी से मिलेगी तो वे टिकट लेकर बेफिक्र हो जाएंगे।
10 नवंबर तक घर पहुंचना जरूरी
छठ महापर्व का सांध्यकालीन अर्घ्य 13 नवंबर को है। 11 नवंबर से नहाय-खाय के साथ ही छठ का अनुष्ठान शुरू हो जाएगा। ऐसे में दिल्ली में रहने वाले लोग नौ नवंबर तक टिकट हर हाल में बुक कराना चाह रहे हैं ताकि वे 10 नवंबर तक घर पहुंच जाएं। छठ की तैयारी कर सकें। मुंबई या 24 घंटे से अधिक की यात्रा वाले शहरों में रहने वाले लोगों को 8 नवंबर तक टिकट नहीं मिला है तो उनके लिए तत्काल टिकट का भी अब आसरा बचा है।
मुख्य बातें
– रिजर्वेशन खुलते ही दलाल कर लेते हैं कब्जा, फर्जी नामों से कराते हैं टिकट बुक
– 11 जुलाई को 8 नवंबर तक का कटा टिकट
– 07 नवंबर को दीपावली और 12 व 13 नवंबपर को छठ महापर्व।


