*👉🏻 कोठी अपने नाम न करने पर बेटे ने पत्नी संग मिल मां-बाप को पीटा और घर से निकाला*
जालंधर,13 जुलाई-(प्रदीप भल्ला)- थाना 1 के अंतर्गत पड़ते न्यू गुरु नानक नगर में संपत्ति को लेकर बेटे ने पत्नी संग मिल मां-बाप को बरसात में ही सामान सहित घर से बाहर निकाल दिया। बूढ़े मां-बाप ने बरसात में ही सारा दिन घर के बाहर बैठ गुज़ारा। जब इस बात का पता रिश्तेदारों और पंचायत को लगा तो वह लड़के को समझाने के लिए घर गए, लेकिन पंचायत और रिश्तेदारों के सामने ही बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मां-बाप को पीट डाला और घर से बाहर निकाल घर को ताला लगा लिया। जानकारी देते हुए देसराज (60) और रेशम (60) ने बताया कि उनका न्यू गुरु नानक नगर में 3 मरले का 2 मंजिला मकान है और उनका बेटा गगनदीप और बहू वंदना भी उनके साथ ही रहते हैं। बेटा मकान को उसके नाम पर करने के लिए अड़ा हुआ था और इसी बात पर रोज विवाद करता था। लेकिन देसराज ने उक्त मकान अपनी बेटी के नाम पर कर दिया था। इसी बात को लेकर बेटे ने आज अपने बूढ़े मां-बाप को बरसात में ही मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। जिसकी शिकायत थाना एक की पुलिस को दी गई। शिकायत मिलने पर एएसआई कुलविंदर मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।


