*👉🏻 गाड़ी पर प्रेस का स्टिकर लगा करता था प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई, पुलिस ने लिया हिरासत में* *👉🏻 प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा बरामद*
जालंधर,14 जुलाई-(प्रदीप भल्ला)-लगातार तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से प्रतिबंधित दवाइयां बेचने वालों पर दबिश दी। स्वास्थ्य अधिकारी अनुपमा कालिया, डॉक्टर दिनेश, एसीपी सरबजीत राय, एसीपी दलबीर सिंह बुट्टर और थाना 3 के प्रभारी कुंवर विजय पाल, थाना बावा खेल की पुलिस ने मोनिका टावर में बने एक गोदाम में छापेमारी कर प्रतिबंधित दवाइयों का जखीरा पकड़ा है। स्वास्थ्य अधिकारी अनुपमा कालिया ने बताया कि 3 दिन पहले बस्ती मिट्ठू से दो युवकों को पकड़ा था। जिन्होंने पूछताछ में बताया कि पुनीत पुत्र सुरेंद्र निवासी राजा गार्डन ने मोनिका टावर में एक गोदाम लिया हुआ है। जहां पर वह प्रतिबंधित दवाइयों को स्टोर करके रखता है। इसी सूचना के आधार पर आज छापेमारी कर पुनीत को गिरफ्तार किया गया और उसके गोदाम से प्रतिबंधित दवाइयों का जखीरा पकड़ा गया। आरोपी अपनी गाड़ी में प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई करता था। गाड़ी पर आरोपी ने प्रेस का स्टिकर भी लगा रखा था ताकि किसी को शक ना हो। आरोपी पर सुल्तानपुर लोधी में भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है। इस मामले में आरोपी जमानत पर बाहर आया हुआ था और फिर से प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करने लगा था।

