*👉🏻 180 बोरी चूरापोस्त सहित दो काबू* *👉🏻 ट्रक में केलों के नीचे छुपा कर लाई जा रही थी चूरापोस्त की बोरियां*
जालंधर,6 अगस्त-(प्रदीप भल्ला)- काउंटर इंटेलिजेंस ने 180 बोरी चूरापोस्त सहित दो व्यक्तियों को काबू किया है। पत्रकारवार्ता के दौरान एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग राजस्थान से ट्रक मे चूरा पोस्त की एक बड़ी खेप लेकर आने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर मोगा पुलिस को अलर्ट कर नाकाबंदी करवाई गई। थाना मोहना जिला मोगा के प्रभारी दिलबाग सिंह ने पुलिस पार्टी सहित बाघापुराना जगराओं रोड पर नाकाबंदी दौरान एक ट्रक को रोका। जोकि तिरपाल से पूरी तरह से ढका हुआ था। ट्रक के आगे एक सफेद रंग की स्कार्पियो गाड़ी भी जा रही थी जो पुलिस पार्टी को देख मौके से निकल गई। पकड़े गए ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें से केलों के नीचे छिपाई गई 180 बोरी (7 क्विंटल) चूरापोस्त की बरामद हुई। ट्रक में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना नाम धर्मजीत सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी मोगा और गुरबीर सिंह पुत्र गुरजंट सिंह बताया। आरोपियों पर मामला दर्ज कर आगे पूछताछ की जा रही है।
*मोगा के रहने वाले तीन व्यक्ति काफी समय से कर रहे थे नशा तस्करी का कारोबार*
एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि मोगा जिला के गांव दोलेवाल के रहने वाले जगदेव सिंह उर्फ देबन पुत्र सूरत सिंह और शिंदर सिंह पुत्र निरंजन सिंह अपने एक और साथी बूटा सिंह पुत्र मंदर सिंह निवासी गांव चरिर्क जिला मोगा के साथ काफी समय से नशा तस्करी का यह कारोबार कर रहे थे। यह लोग राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के राहुल नाम के एक ठेकेदार से संपर्क में थे और उसके ट्रक में नशा लाने के लिए उन्होंने धर्मजीत सिंह नाम के एक व्यक्ति को अपने साथ मिलाया था। यह लोग काफी समय से राजस्थान से चूरापोस्त लाकर पंजाब के अलग-अलग शहरों में सप्लाई किया करते थे और आज भी यह लोग ट्रक के आगे सफेद स्कार्पियो में थे। लेकिन जैसे ही पुलिस पार्टी ने ट्रक को रोका तो यह गाड़ी सहित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इन तीनों पर भी मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


