*👉🏻 तीस दिनों में चौथी बार दिल्ली से लाई गई हेरोइन पकड़ी,विदेशी तस्कर गिरफ्तार* *👉🏻 पुलिस इंस्पेक्टर पर नशा बिकवाने का आरोप लगाने वाला खुद नशे के साथ गिरफ्तार*

जालंधर,10 अगस्त-(प्रदीप भल्ला)- कुछ दिन पहले होशियारपुर थाना के प्रभारी पर नशा बिकवाने का आरोप लगाने वाला व्यक्ति खुद हेरोइन सहित पुलिस की गिरफ्त में आ गया। सीआईए देहाती-2 की पुलिस ने करोड़ों की हेरोइन व कारतूस के साथ विदेशी तस्कर को साथी सहित काबू किया है। एसएसपी देहाती नवजोत सिंह माहल ने बताया कि सीआईए-2 के प्रभारी शिव कुमार पुलिस पार्टी सहित टी-प्वाइंट पदिआना आदमपुर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस पार्टी ने एक व्यक्ति को शक के आधार पर रोका और तलाशी लेने पर उसके पास से सौ ग्राम हेरोइन और पांच जिंदा कारतूस 315 बोर के बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र हरबंस राज निवासी गांव माना थाना मेहटियाना जिला होशयरपुर बताया। पकड़ा गया व्यक्ति वही है जिसने कुछ समय पहले पत्रकार वार्ता कर थाना होशयरपुर के थाना प्रभारी पर नशा बिकवाने का आरोप लगाया था। आरोपी ने बताया कि वह जोशुआ अमागवा उर्फ स्मिथ निवासी नई दिल्ली से हेरोइन लाकर यहां पर बेचता था। पुलिस ने जोशुआ को नामजद कर उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस पार्टी को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी करनाल बाईपास नई दिल्ली मौजूद है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने जोशुआ अमागवा को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 500 ग्राम हेरोइन बरामद कर ली। आरोपी पर मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।


