जालंधर: ज्ञान सिंह जालंधर के तहत आते गांव ढड्डा में एक बच्चे की जन्मदिन की पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब समारोह के दौरान अचानक अंधाधुंध गोलियां चल गईं। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चा और वीडियो बना रहा फोटोग्राफर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान 42 वर्षीय अमनदीप कौर के रूप में हुई है, जो होशियारपुर की रहने वाली थी। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव ढड्डा में एक बच्चे के जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों में से किसी ने लापरवाही से फायरिंग (हर्ष फायरिंग) कर दी। गोली सीधे अमनदीप कौर को जा लगी, जिससे उनकी जान चली गई। घटना के तुरंत बाद पार्टी में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पतारा के एसएचओ नरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। एसएचओ नरिंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और दावा किया है कि उसे जल्द ही दबोच लिया जाएगा

