पूर्व वायुसेना अधिकारी के घर से लाखों की नकदी व सोने के आभूषण चोरी

गुरदासपुर: अमरीका में अपनी बेटी के पास गए पूर्व वायुसेना अधिकारी के घर में घुसकर चोरों ने लाखों की नकदी, सोने के आभूषण और इनवर्टर, बैटरी समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरों ने तसल्ली से इस घटना को अंजाम दिया है और घर के हर कमरे, हर अलमारी और यहां तक कि बैड बॉक्स को भी तसल्ली से खंगाला है। घर के नलों को भी चोरों ने नहीं छोड़ा। इतना ही नहीं, इसी मकान की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले शहर के एक मशहूर निजी स्कूल के प्रिंसीपल संदीप अरोड़ा के घर को भी चोरों ने खंगाला है और इनवर्टर बैटरी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
जानकारी देते हुए पीड़ित के भाई नरिंदर कुमार और रिश्तेदार संजीव शर्मा लक्की ने बताया कि प्रेम सागर शर्मा, जो पहले एयरफोर्स से सार्जेट के पद से सेवानिवृत्त हुए और बाद में सिंचाई विभाग से एक्सियन के पद से सेवानिवृत्त हुए और रणजीत सागर डैम और राजिंदरा गार्डन कॉलोनी में रहते हैं। पिछले 20-25 दिनों से वह अपनी पत्नी के साथ अपनी शादीशुदा बेटी के पास अमरीका गए हुए हैं बीती रात उनके घर के ऊपर किराए पर रहने वाले प्रिं. संदीप अरोड़ा भी जम्मू गए हुए थे, तभी अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए घर का सामान चोरी कर लिया।
उन्होंने बताया कि प्रेम सागर शर्मा से फोन पर हुई बातचीत के अनुसार पता चला है कि चोर घर से करीब पांच लाख रुपए नकद, लाखों रुपए के नोटों के हार, लाखों के सोने के आभूषण, इन्वर्टर बैटरी और यहां तक कि घरेलू नल भी ले गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उधर, मामले के जांच अधिकारी एएसआई राज मसीह ने फोन पर बताया कि उन्होंने घटना स्थल का दौरा किया है, लेकिन फिलहाल चोरी हुए सामान की सूची पीड़ित के परिजनों द्वारा नहीं दी गई है। सूची मिलने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।





