फिरोजपुर: पंजाब पुलिस में नौकरी दिलवाने की एवज में सवा चार लाख रुपये वसूलने के आरोप में पूर्व फौजी गिरफ्तार

फिरोजपुर। विजिलेंस टीम ने पूर्व फौजी को दो लड़कियों को पंजाब पुलिस में नौकरी दिलवाने की एवज में सवा चार लाख रुपये वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उक्त फौजी ने खुद को विजिलेंस इंस्पेक्टर बताया था। विजिलेंस फिरोजपुर थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक जरनैल सिंह वासी गांव गुंदार पंजगराई, तहसील जिला फिरोजपुर ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि उसके साथ विजिलेंस इंस्पेक्टर बताकर एक पूर्व फौजी जसबीर सिंह ने सवा चार लाख रुपये की ठगी की है। उसकी दो बेटियों ने पंजाब पुलिस में नौकरी संबंधी फार्म भरे थे। उनके पास आरोपी पूर्व फौजी जसबीर सिंह वासी नवां सतियांवाला आया और खुद को विजिलेंस इंस्पेक्टर बताते हुए कहा कि उनकी दोनों बेटियों को पंजाब पुलिस में नौकरी दिलवा देगा। आरोपी ने किश्तों में उनसे चार लाख 25000 रुपये वसूले। आरोपी दोनों बेटियों को पंजाब पुलिस में नौकरी दिलवाने में असफल रहा। जब आरोपी से अपनी धनराशि वापस मांगी तो देने से इन्कार कर दिया। आरोपी पूर्व फौजी जसबीर सिंह ने जब उससे फोन कर 25000 रुपये की धनराशि मांगी थी तब उसने उसकी रिकार्डिंग कर ली थी। पीड़ित ने उक्त रिकार्डिंग विजिलेंस को सौंप दी। विजिलेंस की जांच में सबूत मिलने पर आरोपी पूर्व फौजी जसबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया और थाना विजिलेंस फिरोजपुर में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
