भीषण गर्मी के चलते पेट्रोल पंप के पास तेल से भरी गाड़ी में अचानक लग लगी आग

पंजाब के सुनाम ऊधम सिंह वाला में भीषण गर्मी के चलते रविवार को लोंगोवाल में बडबर रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास तेल से भरी गाड़ी में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने इतना भयानक रूप धारण कर लिया कि लोगों की सांसे थम गई। भारत पेट्रोलियम के कृष्णा पेट्रो सेंटर पर तेल उतारने के लिए ड्राइवर गाड़ी को बैक करने लगा तो अचानक गाड़ी के केबिन में आग लग गई।
चालक व पंप कर्मियों ने अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। सड़क पर खड़ी गाड़ी का केबिन जल रहा था और टायर फट रहे थे। आग लगने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड संगरूर को सूचित किया गया और पुलिस ने पहुंचकर यातायात रोक दिया और लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया।
दमकल गाड़ी के देरी से पहुंचने के कारण जुटे लोगों की धड़कनें तेज हो गई, क्योंकि ब्लास्ट होने का भी खतरा था। यह हादसा दो पेट्रोल पंपों के करीब हुआ है और ऐसे में यहां भयानक स्थिति पैदा हो सकती थी। इसी बीच संगरूर, बरनाला और सुनाम से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तेल टैंकर में अचानक आग लगने से जनहानि होने से बच गई।





