2 घंटे में बंद हो जाएगा आपका मोबाइल नंबर… ऐसी कॉल आए तो हो जाएं सावधान

नई दिल्ली: ‘हैलो, डियर यूजर… यह दूरसंचार विभाग है, आपको सूचित करना चाहते हैं कि आपके नाम से रजिस्टर्ड यह मोबाइल नंबर अगले दो घंटे में बंद हो जाएगा। अधिक जानकारी के लिए 9 प्रेस करें।’ अनजान मोबाइल नंबर से आई कॉल रिसीव करने पर इस तरह का रिकॉर्डेड मैसेज लोगों को मिल रहा है। ऐसी कॉल से अधिकतर लोग न सिर्फ टेंशन में आ रहे हैं बल्कि हड़बड़ी में बताए गए उस नंबर को प्रेस कर यह जानने की कोशिश कर देते हैं कि आखिर उनका नंबर किन कारणों से बंद हो जाएगा। ऐसी अनेकों कॉल्स हर रोज मोबाइल यूजर को मिल रही हैं। अगर आप के पास भी इस तरह का कॉल आए तो घबराएं नहीं। यह भारत सरकार का दूरसंचार विभाग नहीं बल्कि साइबर ठगों का ‘टेलीकॉम डिपार्टमेंट’ है।
सिम के अवैध एक्टिविटी का देते हैं खौफ
साइबर पुलिस अफसर के मुताबिक बिजली बिल, गैस बिल के बाद दूरसंचार विभाग के नाम से इस नए तरीके के स्कैम का सामना दिल्ली-एनसीआर के अनेकों लोग कर रहे हैं। खुद भारत सरकार के DoT (डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्यूनिकेशन) ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को ऐसी कॉल से आगाह किया है। साइबर पुलिस अफसर के मुताबिक, दूरसंचार विभाग के नाम से आ रहीं कॉल्स के अनेकों मामले पिछले कुछ समय से संज्ञान में आए हैं। रिकॉर्डेड कॉल में कहा जाता है कि मोबाइल नंबर दो घंटे बाद डिस्कनेक्ट हो जाएगा। कुछ मामलों में यह धमकी भी दी जाती है कि उनका मोबाइल नंबर अवैध एक्टिविटी में पाया गया है। ऐसी स्थिति में सतर्क रहें। डिपार्टमेंट ऐसी कॉल नहीं करता। साथ ही विदेशी ओरिजिन मोबाइल नंबरों से आने वाली व्हाट्सऐप कॉल्स से भी सावधान रहें जिनमें फर्जीवाड़ा करने वाले लोग खुद को सरकारी अधिकारी बताते हैं। दरअसल चक्षु DoT यानी भारत सरकार के दूरसंचार डिपार्टमेंट का ऐसा ऑनलाइन पोर्टल है जो पब्लिक को साइबर क्राइम, फाइनेंशियल फ्रॉड, खुद की पहचान बदलकर चीटिंग कॉल, SMS या व्हाट्सऐप के माध्यम से हुई धोखाधड़ी की रिपोर्ट करने की सुविधा देता है। जैसे बैंक अकाउंट, वॉलेट, सिम, गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, KYC अपडेट, सेक्सटॉर्शन से संबंधित कम्युनिकेशन हैं। लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए दूरसंचार डिपार्टमेंट कहता है कि ऐसे किसी भी फ्रॉड की जानकारी संचार साथी पोर्टल www.sancharsaathi.gov.in/sfc पर दें जहां चक्षु नाम से पेज खुलता है। वहां अपनी डिटेल्स भरें। ऐसी जानकारी मिलने से विभाग को साइबर क्राइम और फाइनेंशियल फ्रॉड से निपटने में मदद मिलती है। साथ ही अगर कोई साइबर क्राइम या फाइनेंशियल फ्रॉड का शिकार हो गया हो तो वह इसकी जानकारी साइबर क्राइम हेल्प नंबर 1930 और www.cybercrime.gov.in पर दें।





