भोपाल (हैडलाइन ब्यूरो) हबीबगंज थाना क्षेत्र के 11 नंबर इलाके में शनिवार शाम बदमाश का पीछा कर रहे कमलानगर थाना के गुंडा स्क्वाड के पुलिसकर्मियों की बाइक से एक आठ वर्षीय बच्ची टकराकर घायल हो गई। पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में होने के कारण लोगों ने उन्हें आम व्यक्ति समझ लिया और घेरकर झूमाझटकी व मारपीट कर दी। घायल बच्ची को पुलिसकर्मियों ने हजेला अस्पताल में भर्ती कराया है।
हबीबगंज पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष से कोई शिकायत नहीं मिली है। जानकारी के अनुसार कमलानगर थाने में संपत्ति हड़पने के मामले में फरार बदमाश का पीछा करने के लिए पुलिसकर्मी दीपक कटियार और बलराम शनिवार शाम को 11 नंबर क्षेत्र में गए थे।करीब छह बजे वे उसका बाइक से पीछा कर रहे थे। आरोपित भी बाइक पर ही सवार था। तभी पीछा करने के दौरान 11 नंबर क्षेत्र में उनकी बाइक के सामने अचानक बच्ची आ गई, जिससे बाइक टकरा गई।
हादसे के बाद आरोपी फरार
हादसे के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। वहीं बच्ची को सिर पर चोट लगी और खून बहने लगा। प्रत्यक्षदर्शी अखिलेश गिनारे ने बताया कि वर्दी में नहीं होने से भीड़ पुलिसकर्मियों को पहचान नहीं सकी और उनके साथ हाथापाई की। हालांकि बाद में उन्होंने अपने आइडी कार्ड दिखाए। किसी को भी चोट नहीं लगी। हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि बच्ची को मामूली चोट आई है। अभी शिकायत नहीं मिली है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
