*👉🏻 सगे भाई करते थे नशीले कैप्सूलों की तस्करी, एक काबू*
जालंधर,5 जुलाई-(प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने नशीले कैप्सूलों के साथ एक व्यक्ति को काबू किया है। जानकारी देते हुए एडीसीपी इन्वेस्टीगेशन हरिंदर पाल सिंह परमार ने बताया कि एसीपी सेंट्रल सतिंदर चड्ढा के दिशा-निर्देशों पर थाना दो के प्रभारी मनमोहन सिंह को नशा तस्करों को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। थाना प्रभारी मनमोहन सिंह की हिदायतों पर एएसआई नरेंद्र सिंह पुलिस पार्टी सहित गश्त पर थे। इसी दौरान डीएवी फाटक के पास पैदल आ रहे एक युवक को शक के आधार पर रोका जिसके हाथ में एक लिफाफा पकड़ा हुआ था। उक्त युवक के हाथ में पकड़े लिफाफे की तलाशी लेने पर उसमें से 1128 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम रवि कुमार पुत्र स्वर्गीय तिलकराज निवासी कबीर नगर बताया। आरोपी ने यह भी बताया कि उसका भाई दीपक उर्फ रोजी अंबाला से नशीले कैप्सूल लेकर आता था जिसे वह अलग-अलग जगह पर सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपी के भाई दीपक पर भी मामला दर्ज कर उसकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी।

