*👉🏻 अवैध पिस्टल सहित एक काबू,एक की तलाश*

जालंधर,6 जुलाई-(प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने अवैध पिस्टल व कारतूस सहित एक व्यक्ति को काबू किया है, जबकि उसका साथी फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। जानकारी देते हुए थाना एक के प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि एएसआई जगदीश कुमार को सूचना मिली कि ईशा नगर के रहने वाले रोबिन पुत्र वारिस मसीह के पास अवैध असलहा है। इसी सूचना के आधार पर एएसआई जगदीश कुमार ने ईसा नगर के नज़दीक नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान एक कार चालक को रुकने का इशारा किया। कार चालक ने पुलिस पार्टी को देख नाके से पहले ही कार को रोक लिया और फरार हो गया। कार में सवार दूसरा युवक पुलिस के काबू आ गया। जिसके पास एक अवैध पिस्टल व पांच कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने बताया कि फरार हुआ युवक रोबिन ही था, जिसकी तलाश की जा रही है। पकड़ा गया युवक नाबालिक होने के कारण उसकी पहचान नहीं बताई जा रही।
