पंजाब के इस ज़िले के DC ने शराब फैक्ट्रियों में लगवाई सरकारी टीचर्स की ड्यूटी
गुरदासपुर. कोरोना महामारी (Covid-19 Pandemic) को फैलने से रोकने के लिए जारी लॉकडाउन (Lockdown) के बीच पंजाब के गुरदासपुर के डिप्टी कमिश्नर के एक आदेश को लेकर विवाद हो गया है. दरअसल, गुरदासपुर के डीसी ने एक आदेश जारी करके स्थानीय सरकारी टीचरों की ड्यूटी शराब की फैक्ट्रियों और डिस्टलरीज में लगाने के निर्देश दिए हैं. इस आदेश को लेकर टीचरों में बेहद नाराजगी है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शराब फैक्ट्री और डिस्टिलरीज में बनाई जा रही शराब पर निगरानी रखने और शराब की अवैध सप्लाई और तस्करी को रोकने के लिए टीचर्स को तैनात करने और सर्वे करने के निर्देश भी दिए गए हैं, लेकिन ज्वाइंट टीचर्स एसोसिएशन ने इसपर कड़ी आपत्ति जताई है. एसोसिएशन का कहना है कि टीचर का पद एक सम्माननीय पद है. टीचरों से शराब की फैक्ट्रियों में ड्यूटी करवाया जाना गलत है. ऐसे में डीसी को अपने इस आदेश को जल्द से जल्द वापस लेना चाहिए.
हालांकि, इस आदेश में ये भी कहा गया है कि अगर टीचर अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचते हैं, तो उनके खिलाफ धारा 188 के तहत एक्शन लिया जा सकता है. एसोसिएशन ने इस मामले में डीसी को चिट्ठी भी लिखी है. फिलहाल ज्वाइंट टीचर्स एसोसिएशन की आपत्ति पर डीसी दफ्तर की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
7 मई से हो रही है शराब की होम डिलिवरी
पंजाब सरकार ने 7 मई से शराब की होम डिलिवरी के आदेश जारी किए थे. लॉकडाउन के दौरान इस आदेश के तहत एक व्यक्ति को सिर्फ दो लीटर शराब की होम डिलिवरी होगी. वहीं, पंजाब के बाद पश्चिम बंगाल ने भी शराब की होम डिलिवरी शुरू करने का फैसला किया है और यहां भी वेबसाइट पर जाकर होम डिलिवरी का ऑर्डर दे सकते हैं.