इस हिंदी गाने ने बना दिया इतिहास, 31 करोड़ बार देखा गया यूट्यूब पर
‘यश राज फिल्म्स’ की फिल्म ‘बेफिक्रे’ के गाने ‘नशे सी चढ़ गई’ ने कमाल कर दिया है। मेकर्स ने दावा किया है कि किसी फिल्म का कोई भी गाना यूट्यूब पर इतनी बार नहीं देखा गया।
नवंबर शुरू होने तक इस गाने को यूट्यूब पर ही 31 करोड़ 60 लाख बार देखा जा चुका है। पिछले साल अक्टूबर में इसे जारी किया गया था। यानी सालभर से भी कम वक्त में इसने इतने हिट्स हासिल किए हैं।
इसे वाणी कपूर और रणवीर सिंह पर फिल्माया गया है। कमाल के डांस स्टेप्स हैं और म्यूजिक भी लाजवाब है। आखिरी में एक किस भी है जिसके लिए यह फिल्म चर्चा में रही थी।
आदित्य चोपड़ा इस फिल्म से सालों बाद निर्देशन में लौटे थे। ‘बेफिक्रे’ पेरिस की पृष्ठभूमि पर आधारित रही। फिल्म युवाओं को ध्यान में रखते हुए बनाई गई। यश राज बैनर तले बनी यह फिल्म 9 दिसंबर को रिलीज हुई थी।
ये पहला मौका है जब वाणी और रणवीर की जोड़ी सिल्वर स्क्रीन पर देखनें को मिली। टिकट खिड़की पर इसने औसत धंधा किया था। शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ के बाद आदित्य चोपड़ा ने इस फिल्म से निर्देशन में वापसी की थी।



