*👉🏻 मनोरंजन कालिया के खासमखास को खेमा बदलने का हुआ फायदा,राठौर ने बनाया महासचिव*
जालंधर,12 अक्तूबर-(भल्ला)-भाजपा में गुटबाजी एक बार फिर से सामने आई है। एक बार फिर से राकेश राठौर ग्रुप ने कालिया ग्रुप को पटखनी दी है और कालिया ग्रुप के खास व्यक्ति को अपने ग्रुप में लिया है। पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के खास सिपहासालार रहे ललित बब्बू को खेमा बदलने का काफी फायदा हुआ है। ललित बब्बू को राकेश राठौर ग्रुप ने मंडल-6 का महासचिव बनाया है। ललित बब्बू शुरू से ही मनोरंजन कालिया के साथ रहे है और उनके हर कार्यक्रम या धरना-प्रदर्शन में उनके साथ ही होते थे। लेकिन कुछ दिन पहले ही ललित बब्बू ने खेमा बदल कर राकेश राठौर ग्रुप का दामन थामा था। जिसका फायदा ललित बब्बू को हुआ और उसे मंडल-6 का महासचिव बनाया गया। वैसे तो ललित बब्बू खुद मंडल-7 में रहते हैं लेकिन महासचिव उन्हें मंडल-6 का बनाया। यह प्रथा भी भाजपा में पहली बार चलाई गई है कि कोई व्यक्ति रहता किसी और मंडल में है और उसे कार्यभार किसी और मंडल का सौंपा गया है। गौरतलब है कि मनोरंजन कालिया ने कदम-कदम पर ललित बब्बू का साथ दिया था। लेकिन ललित बब्बू ने कालिया का साथ क्यों छोड़ा इसका पता नहीं चला है। बब्बू द्वारा खेमा बदलने का कारण कोई भी रहा हो लेकिन इस से जालंधर भाजपा में बढ़ रही गुटबाज़ी रोज नए-नए खेल दिखा रही है।


