रीकाउंटिंग में फंसी ये सीट, 2 बार हो हुई मतगणना

लोकसभा चुनाव में जहां लगातार नतीजे घोषित हो रहे हैं, वहीं एक सीट पर ऐसा पेंच फंसा है कि चुनाव आयोग भी उलझ गया है. यहां बार-बार रीकाउंटिंग हो रही है. और हर बार नतीजे अलग आ रहे हैं. देर शाम तक इसे लेकर हंगामा मचा हुआ था. दोनों पक्षों का आरोप है कि मतों की गिनती में गड़बड़ी हुई है. पूरा मामल जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे.
यह नाटकीय घटनाक्रम मुंबई की उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट पर देखने को मिला है. यहां शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के उम्मीदवार अमोल कीर्तिकर को विजयी घोषित कर दिया गया था. लेकिन तभी शिंंदे गुट के उम्मीदवार रविन्द्र वायकर ने मतों की गिनती में गड़बड़ी का अंदेशा जताते हुए फिर से मतगणना कराने की मांग कर डाली. चुनाव आयोग ने उनकी मांग को स्वीकार करते हुए एक बार फिर से वोटों की गिनती शुरू की. पहले ईवीएम की गिनती की गई, फिर पोस्टल बैलेट गिने जाने लगे.
पोस्टल बैलेट की गिनती होते ही अमोल कीर्तिकर 45 वोट से पीछे हो गए. इसके बाद काउंटिंग सेंटर पर हंगामा हो गया. अब अमोल कीर्तिकर ने फिर मतों की गिनती की मांग की. काफी उठापटक के बाद शिंंदे गुट के उम्मीदवार रविन्द्र वायकर को महज 48 वोट से विजयी घोषित कर दिया गया. सिर्फ यहीं नहीं, कई और जगह पर रीकाउंटिंंग की मांग की गई. कुछ जगह काउंटिंग की भी जा रही है. लेकिन कहीं से इस तरह का नाटकीय घटनाक्रम सामने नहीं आया था.


