पश्चिम बंगाल में कंचनजंघा एक्सप्रेस से टकराई मालगाड़ी, 13 की मौत, 30 घायल

पश्चिम बंगाल में न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के निकट सोमवार को एक मालगाड़ी ने सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस को टक्कर मार दी, जिससे ट्रेन के कम से कम दो पिछले डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में कम से कम 13 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा घायल हैं। घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है।घायलों की चीख पुकार ने दहलाने वाला था। हादसा इतना भयंकर था कि मालगाड़ी की दो बोगियां एक्सप्रेस ट्रेन के ऊपर चली गई। घायलों को स्थानीय प्रशासन ने निकाला और उन्हें निकट के अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।
हादसे में बचे एक शख्स ने बताया कि अचानक से धमाके जैसी आवाज हुई। इसके बाद लोगों एक-दूसरे पर गिरने लगे। उसके सिर के पिछले हिस्से में चोट लगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद लोग ट्रेन से नीचे कूदने लगे। हर तरफ बदहवास चेहरे दिख रहे थे।मौके पर पहुंचे एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि वह खेतों पर काम कर रहा था। तभी तेज आवाज सुनाई दी। वह कुछ समझ पाता कि चीखें आईं। वह रेलवे ट्रैक की तरफ भागा तो दृश्य देखर घबरा गया। उसके साथ ही कई और स्थानीय लोग वहां आ गए। अन्य यात्रियों के साथ मिलकर उन लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।
सुबह 9 बजे के करीब हुआ हादसा
हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। अगरतला से आ रही 13174 कंचनजंगा एक्सप्रेस न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के पास रंगापानी के पास खड़ी थी। इसी बीच एक मालगाड़ी ने ट्रेन में पीछे से टक्कर मारी। हादसे के बाद दो बोगियां डीरेल हुईं और वे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की जो तस्वीरें सामने आई हैं उनमें दिख रहा है कि ट्रेन के दो डिब्बे लगभग ढह गए हैं। ट्रेन हादसा इतना भयावह था कि आवाजें दूर-दूर तक सुनाई दीं। स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए। फंसे यात्रियों को निकालने का काम शुरू हुआ। गैस कटर मंगाकर बोगियों को काटकर फंसे यात्रियों को निकाला गया। हादसे के बाद लोगों ने बताया कि किस तरह ट्रेन हादसे ने उनका दिल दहला दिया।


