*👉🏻 शहर में तीन जगहों पर चोरी*
जालंधर,13 अप्रैल-(प्रदीप भल्ला)-शहर में चोरों ने दो जगह पर चोरी की वारदात को अंजाम देकर नकदी व अन्य सामान चुरा लिया। पहली वारदात में चोरों ने अवतार नगर की गली नं 13 में स्थित करियाना स्टोर के शटर के ताले तोड़ अंदर से 15 हज़ार की नकदी व राशन चुरा लिया। जानकारी देते हुए दुकान मालिक पारस पुत्र जैन नारायण चौधरी निवासी न्यू संत नगर ने बताया कि वह रात 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह पड़ोसियों का फोन आया कि आपकी दुकान के शटर के ताले टूटे हुए हैं। जब आकर देखा तो चोरी हो चुकी थी। घटना की सूचना थाना भार्गव कैम्प की पुलिस को दे दी गई है।
वहीं दूसरी वारदात थाना तीन के अधीन आते मंदिर बाबा लाल दयाल की है। जहां पर चोरों ने मंदिर की गोलक से चढ़ावा चुरा लिया। जानकारी देते हुए मंदिर कमेटी के सदस्य अनिल कुमार ने बताया कि सुबह जब लोग मंदिर में माथा टेकने आये तो देखा कि गोलक के ताले टूटे हुए थे। जब मंदिर में लगे सीसीटीवी की जांच की गई तो उससे पता चला कि एक व्यक्ति मंदिर की दीवार फांद कर आया और वारदात को अंजाम दे फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
——————————————-
—आपस में उलझे कमेटी के सदस्य–
चोरी की सूचना मिलने पर कमेटी के सदस्य मंदिर पहुंचे। जांच कर रहे पुलिसकर्मियों ने जब कमरे की चाबी मांगी तो एक महिला और एक व्यक्ति चाबी देने के लिए आपस में उलझ पड़े। दोनों इस बात पर उलझे कि कमरे की चाबी उनके पास है। जिन्हें लोगों ने शांत करवाया।
तीसरी चोरी घास मंडी में स्थित स्वीट शॉप पर हुई
जानकारी देते हुए स्वीट शॉप के मालिक राजेश शर्मा निवासी कोट बाजार ने बताया कि सुबह जब दुकान खोलने के लिए आए तो देखा की ताले टूटे हुए हैं। जब अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। चोर दुकान में से 3 सिलेंडर व अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। घटना की सूचना थाना 5 की पुलिस को दे दी गई है।


