पटियाला : सेंट्रल जेल में बंद हवालाती ने एडिशनल सुपरिंटेंडेंट पर किया हमला

पटियाला की सेंट्रल जेल में बंद एक हवालाती ने गुंडागर्दी दिखाते हुए वार्डन और जेल के एडिशनल सुपरिंटेंडेंट पर हमला कर दिया। इस मारपीट की घटना में हवालाती भी जख्मी हो गया। इस घटना के दौरान जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दरअसल हवालाती जेल में वार्डन द्वारा की जा रही चेकिंग से गुस्से में था।
चेकिंग से भड़के हवालाती जेल वार्डन का गला घोंटने की कोशिश की थी। उसे रोकने आए एडिशनल सुपरिंटेंडेंट के साथ भी आरोपी हवालाती ने हाथापाई की। जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना त्रिपड़ी पुलिस ने हवालाती के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया है। आरोपी हवालाती की पहचान मलकीत सिंह निवासी गुरु रामदास कालोनी जिला तरनतारन के तौर पर हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में सहायक सुपरिंटेंडेंट करनैल सिंह ने बताया है कि जेल में हाता नंबर 10 की चक्की नंबर 2 की अचानक चेकिंग की गई। इससे भड़के हवलाती मलकीत सिंह ने जेल वार्डन नाजर सिंह के साथ बदतमीजी की। उनके गले में हाथ डालकर घोंटने की कोशिश की। इसी बीच मौके पर मौजूद एडीशनल सुपरिंटेंडेंट ने आरोपी को रोकने की कोशिश की। जवाब में आरोपी उक्त जेल अधिकारी के साथ हाथापाई करने लग गया।
हवालाती ने भद्दी शब्दावली का इस्तेमाल करते हुए अपना सिर लोहे के जंगले में मार कर जेल प्रशासन पर दवाब बनाने की भी गलत कोशिश की। पुलिस ने इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए हवालाती के खिलाफ थाना त्रिपड़ी में केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पटियाला जेल अकसर सुर्खियों में रहती है। दरअसल जेल विभाग के अधिकारियों के बड़े-बड़े दावों के बावजूद यहां से लगातार नशे व मोबाइलों की बरामदगी होती रहती है। इस पर नकेल कसने के लिए ही जेल प्रशासन की ओर से जेल में रूटीन में ही चेकिंग अभियान चलाया जाता है।






