दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर भीषण हादसा

दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर बड़ा हादसा हुआ. यहां छत गिरने से 4 लोग घायल हो गए. दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की छत गिरी जिसकी चपेट में कई गाड़ियां आ गईं. बताया जा रहा है कि इनमें बैठे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि एक शख्स फंस गया. पुलिस ने बताया कि छत गिरने की घटना में घायल हुए व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने टर्मिनल-1 का दौरा किया. नायडू ने कहा कि मृतकों के लिए 20 लाख रुपये और घायलों के लिए 3 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की गई है. हादसे के बारे में उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण एयरपोर्ट के बाहर छतरी का एक हिस्सा ढह गया. मारे गए लोगों के प्रति संवेदना हैं, चार लोग घायल भी हुए हैं.
इससे पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने सोशल मीडिया पर मामले पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि मै खुद दिल्ली हवाई अड्डे के टी-1 पर छत गिरने की घटना पर नजर रख रहा हूं. घटनास्थल पर राहत बचाव जारी है. एयरलाइनों को टी-1 पर सभी प्रभावित यात्रियों की सहायता करने की सलाह दी गई है. घायलों को अस्पताल ले जाया गया है. हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं. दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने की ओर से बताया गया कि सुबह करीब 5.30 बजे दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर छत गिरने की सूचना प्राप्त हुई. इसके तुरंत बाद तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया.




