*👉🏻 डीएवी कॉलेज की छात्रा ने पीजी में की खुदकुशी*
जालंधर,16 अगस्त-(प्रदीप भल्ला)-थाना डिवीजन नंबर 1 के अंतर्गत पड़ती फ्रेंड्स कॉलोनी में 10 दिन पहले ही पीजी में रहने आई हिमाचल प्रदेश की रहने वाली एक लड़की ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना एक के प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि फ्रेंड्स कॉलोनी में एक लड़की ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर जाकर जांच करने पर पता चला कि हिमाचल प्रदेश की रहने वाली शिखा पुत्री नरेश कुमार निवासी हमीरपुर हिमाचल प्रदेश डीएवी कॉलेज में बीएससी सेकंड ईयर की स्टूडेंट थी। वह पहले किसी और पीजी में रह रही थी और कुछ दिन पहले ही फ्रेंड्स कॉलोनी में आकर रहने लगी थी। पीजी मालकिन सुनीता ने बताया कि सुबह उन्होंने किसी लड़के को भेजा और शिखा को बुलाने के लिए कहा। जैसे ही लड़का उसके कमरे में गया तो देखा वह फंदा लगाकर आत्महत्या कर चुकी थी। जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


