भाजपा नेता दहेज हत्या में गिरफ्तार,घर में पड़ा मिला था पत्नी का शव

आगरा में पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में मृतका नेहा के पति भारतीय जनता पार्टी के सह मीडिया प्रभारी रितिक चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव गांव ले गए। गांव में शव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
एटा के थाना जलेसर अंतर्गत गांव गुदाऊ निवासी राधेश्याम गौर किसान हैं।
उनकी बेटी नेहा उर्फ बेबी (30) की शादी 29 नवंबर 2017 को ई-ब्लाक, शास्त्रीपुरम निवासी रितिक चौहान पुत्र श्याम सिंह के साथ हुई थी। पति भाजपा के बिचपुरी ब्लाक का सह मीडिया प्रभारी है।
आरोप है कि रितिक पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था। रुपये नहीं देने पर गुरुवार दोपहर को नेहा की हत्या कर दी। इस मामले में पिता ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
ससुराल में हो रहा था नेहा का टार्चर
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी मृतका के पति रितिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में शव को परिजन अपने गांव लेकर गए, जहां नेहा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटी की मौत से परिवार के आंसू नहीं रुक रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से पति ने नेहा को परेशान करना शुरू कर दिया था। शादी के बाद एक बार ही मायके भेजा गया था। उसे मोबाइल पर परिजनों से बात भी नहीं करने देता था। अगर, नेहा मोबाइल से बात करती थी तो रिकॉर्डिंग कर लेता था। इसके बाद रिकॉर्डिंग को सुनता था।
अगर, वो ससुराल के बारे में बताती थी तो उसका उत्पीड़न करता था। इस बारे में नेहा डर की वजह से कुछ नहीं बताती थी। गुरुवार सुबह भी नेहा ने अपनी नानी शारदा देवी से बात की थी। उसने तब भी कुछ नहीं बताया। नानी ने उससे कहा था कि वह फोन नहीं करती है।
मां के लिए बिलख रहा मासूम
दो महीने के मासूम से मां का साया छिन गया। गुरुवार दोपहर से वह मां की गोद के लिए रोये जा रहा था। इस परिजनों ने उसे नेहा के ताऊ की बेटी रूबी को दे दिया है। रूबी ही अब बच्चे को मां का दुलार दे रही हैं।
डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
थाना प्रभारी सिकंदरा ने बताया कि नेहा के शव का पोस्टमार्टम डाक्टर के पैनल से कराया गया है। वीडियोग्राफी भी कराई गई है। मामले की जांच सीओ हरीपर्वत एएसपी अभिषेक कर रहे हैं। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने घर से साक्ष्य जुटाए थे। ससुरालियों ने बताया था कि नेहा ने दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फांसी लगाई है।
एएसपी अभिषेक ने बताया कि दहेज की प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। एक आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। जांच के बाद अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



