रिवाल्वर के शौकीन लोगों के लिए अच्छी खबर,जल्द ही बाजार में मिलेगी सस्ती रिवाल्वर
कानपुर(हैडलाइन ब्यूरो) रिवाल्वर के शौकीन लोगों के लिए अच्छी खबर। अब यह शौक पूरा करने के लिए जेब पर पहले जितना बोझ नहीं पड़ेगा। फील्ड गन फैक्ट्री ने लोगों को कम दामों पर रिवाल्वर मुहैया कराने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। अच्छी गुणवत्ता की सस्ती रिवाल्वर दो से तीन महीने में मिल सकती है।
६५ हजार रुपए कीमत
महंगी रिवाल्वरों के बीच फील्ड गन फैक्ट्री ने ६० से ६५ हजार रुपए मूल्य की सस्ती रिवाल्वर बाजार में उतारने का फैसला किया है। इसकी तैयारी शुरू हो गई है, जिसमें दो-तीन महीने का समय लग जाएगा। यह रिवाल्वर खरीदने वालों को पांच से सात हजार रुपए की एसेसरीज भी दी जाएगी।
मौजूदा कीमत डेढ़ लाख
इस समय फील्ड गन फैक्ट्री में मार्क थ्री और निर्भीक रिवाल्वर तैयार की जाती है। जिसमें मार्क थ्री की कीमत लगभग ९३ हजार और निर्भीक की कीमत करीब डेढ़ लाख की है। इसमें जीएसटी भी शामिल है। कीमत काफी ज्यादा होने के कारण शौकीन लोग भी इसे खरीदने से कतराते हैं।
कम हुआ क्रेज
एक समय था जब रिवाल्वर का क्रेज युवाओं के सिर चढ़कर बोलता था पर आज उसकी जगह महंगे मोबाइल और हाईटेक गैजेट ने ले ली है। मोबाइल और गैजेट का शौक रिवाल्वर के मुकाबल काफी सस्ता पड़ता है और काफी यूजफुल भी है, इस कारण अब रिवाल्वर का शौक कम हो गया है।
सस्ती रिवाल्वर से होगा फायदा
फील्ड गन फैक्ट्री के अधिकारियों का मानना है कि सस्ती रिवाल्वर बाजार में आने से लोगों में रिवाल्वर के प्रति क्रेज फिर से पैदा होगा। इससे रिवाल्वर के बाजार को बड़ा फायदा होगा। अब रिवाल्वर की बॉडी बाहर से खरीदी जाएगी जो प्रति पीस चार से पांच हजार के बीच होगी, जबकि यहां बनने वाली रिवाल्वर की बॉडी १५-१६ हजार के बीच पड़ती है। इसी कारण रिवाल्वर इतनी महंगी बनकर तैयार होती है।
