चंडीगढ़ में 4 नकाबपोश बदमाशों ने दो युवकों पर बरसाई गोलियां, एक की मौत
चंडीगढ़ (हैडलाइन ब्यूरो ) सेक्टर 17 में शाम फायरिंग (Firing) का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक यह घटना सेक्टर-17 (Sector-17) स्थित सेंट्रल थाने के करीब पेश आई. चार नकाबपोश युवकों ने दिनदहाड़े सरेआम ऑल्टो कैब के बाहर खड़े दो युवकों पर पांच राउंड फायर किए हैं. फायर करने के बाद दो बदमाश पैदल जबकि दो ऑटो में सवार होकर मौके से भाग गए.
राहगिरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी. वहीं पुलिस की एक टीम दोनों घायल लड़कों को पीजीआई लेकर गई. जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया और एक उपचाराधीन है.
जानकारी देते हुए डीएसपी चरणजीत सिंह ने बताया की मरने वाले का नाम तेजिंदर सिंह उर्फ माली है और उसके साथी का नाम संदीप है. मृतक दो दिन पहले ही हरियाणा के जींद से अपने दोस्त संदीप के पास आया था. पेशे से दोनों टैक्सी ड्राइवर बताये जा रहे है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
पुलिस स्टेशन पास दिया वारदात को अंजाम
वहीं मौके पर मिली कारतूस से पता चला है की दो पिस्तौल से हमला किया गया है और सभी आरोपी मौके से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. हैरानी की बात है की पुलिस स्टेशन के बिलकुल पास यह वारदात हुई और वह भी दिनदिहाड़े लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली है.
होमगार्ड जवानों ने नहीं की आरोपियों को रोकने की कोशिश
वहीं चश्मदीद ने बताया की करीब 3 आरोपी जिनके पास बन्दूक थी वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे थे तभी उन्हें रोकने की कोशिश की गई. लेकिन साथ खड़े होम गार्ड के जवान सिर्फ मुंह देख रहे थे किसी ने आरोपियों को रोकने की कोशिश नहीं की.


