जालंधर : टिप्पर की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत

जालंधर के नकोदर रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों सब्जी मंडी जा रहे थे तभी टिप्पर ने बाइक को टक्कर मार दी। शवों के कई टुकड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, क्रमण सिंह की चचेरी बहन की आज शादी थी। इसी के कारण वह अपने पिता के साथ मकसूदां मंडी से सब्जी लेने जा रहे थे। खालसा स्कूल के पास बने कूड़े के डंप नजदीक दोनों टिप्पर की चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान हेरां गांव के रहने वाले जसवीर सिंह (42) और उनके बेटे क्रमण सिंह (16) के रूप में हुई है।