बड़ी बहन से दुष्कर्म के बाद जमानत पर छूटे आरोपी ने छोटी बहन से भी की हैवानियत
बरेली(हैडलाइन डेस्क) पिछले दिनों उन्नाव में दुष्कर्म पीड़िता जो आरोपी द्वारा जमानत पर छूटने के बाद जिंदा जला दिया गया था जिसमें पीड़िता की मौत हो गई थी। ऐसा ही कुछ मामला फिर सामने आया है जिसमें दुष्कर्म के मामले में जमानत पर छूटे आरोपित ने जेल से निकलने के आठ दिन के अंदर एक और वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपित घर में घुसा और सो रही किशोरी के साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। इस पूरे घटनाक्रम की खास बात यह है कि आरोपी 7 साल पहले दुष्कर्म पीड़िता की बड़ी बहन से भी ऐसी हैवानियत कर चुका था। पूरे प्रकरण में पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे।
आरोपित सोनू इससे पहले भी दुस्साहस करता रहा। सात साल पहले उसने किशोरी की बड़ी बहन से दुष्कर्म किया था। उस वक्त घटना से आहत युवती के माता, पिता कई दिन घर से बाहर नहीं निकले थे। कुछ दिन बाद दोनों ने इस दुख में जहर खाकर मौत को गले लगा लिया था।
जानकारी के अनुसार, दुष्कर्म का आरोपित यह शख्स सात साल पहले बड़ी बहन से दुष्कर्म के मामले में जेल की हवा खा रहा था और हाल ही में इसी मामले में जमानत पर छूटा था। इस बीच उसने उसी घर में घुसकर छोटी बहन को भी अपना शिकार बना लिया। दुष्कर्म के बाद पीड़ित किशोरी शिकायत करने पहुंची तो थाना पुलिस दिनभर टकराती रही। देर शाम मुकदमा दर्ज किया गया।
यूपी के बरेली स्थित बिशारतगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती अपने दो भाइयों के साथ रहती है। मंगलवार को बड़ा भाई गांव से बाहर गया था। छोटा भाई घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में सो रहा था। आरोप है कि उसी समय सोनू उर्फ सुदेश दीवार फांदकर घर के अंदर घुस आया। कमरे में सो रही किशोरी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। फिर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और दुष्कर्म किया।
बुधवार सुबह होते ही भाई व अन्य परिजन बिशारतगंज थाने पहुंचे और तहरीर दी। थाना पुलिस ने जांच की बात कहकर पीड़ित पक्ष को वहां से टरका दिया। थानाध्यक्ष बिसारतगंज राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दुष्कर्म, पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित की तलाश की जा रही।
पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही हैं। -शैलेश पांडेय, एसएसपी, बरेली।

