तेज रफ्तार क्रेटा ने साइकिल, एक्टिवा और मोटरसाइकिल के बाद चार व्यक्तियों को टक्कर मारी

जालंधर : जालंधर हाइट्स के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार चालक ने साइकिल, एक्टिवा और मोटरसाइकिल के बाद चार व्यक्तियों को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। परिजनों के अनुसार, साइकिल सवार की मौत हो गई है लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गए।
चश्मदीदों के अनुसार क्रेटा गाड़ी को नाबालिग चला रहा था। उसके साथ एक अन्य नाबालिग भी था। घायल मनीष के मुताबिक हादसे के वक्त कार की स्पीड 120 थी। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। हादसा सोमवार शाम को हुआ।
घटना में जख्मी अलीपुर एरिया के रहने वाले मनीष ने बताया कि वह पेंट का काम करता है। वह मोटरसाइकिल पर जालंधर हाइट्स मोड़ से आ रहा था। इतने में पीछे से तेज रफ्तार क्रेटा कार आई और उसे टक्कर मार दी। कार चालक ने आगे जाकर एक एक्टिवा और साइकिल को टक्कर मार दी। एक्टिवा सवार लोग कार के ऊपर से होते हुए पीछे आकर गिरे। जिससे वह घायल हो गए जबकि कार साइकिल सवार की हालत गंभीर थी जिन्हें राहगीरों ने निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। तीन को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
साइकिल सवार 40 वर्षीय माला की इलाज के दौरान मौत होने की सूचना है। जानकारी के मुताबिक कार होशियारपुर के गगन पाल सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है जिसे जल्द पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। चौकी जालंधर हाइट प्रभारी ने कहा पुलिस द्वारा कब्जे में ली कार (पीबी-07-बीपी-0060) होशियारपुर के आरटीओ लिस्ट में रजिस्टर्ड है। जल्द गगनपाल सिंह को जांच में शामिल करेंगे।