सावधान! ठीक होने के बाद मरीजों में फिर लौट रहा है कोरोना
नई दिल्ली: देश ही नहीं इस समय दुनिया कोरोना वायरस से लड़ रही है। अभी तक इस बीमारी की कोई वैक्सीन नहीं होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इससे भी ज्यादा परेशान करने वाली खबर दक्षिण कोरिया से सामने आ रही है, जहां पर ठीक हुए मरीजों को फिर से कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया है।
कोरोना संक्रमण के मरीजों के ठीक होने के बाद दक्षिण कोरिया ने उनको हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी थी, लेकिन इसके बाद बाद भी मरीज दोबोरा कोविड-19 (COVID-19) संक्रमण के शिकार हो रहे हैं। शुक्रवार को ऐसे 91 मरीज मिले, जो एक बार पूरी तरह ठीक होने के बाद दोबारा से कोरोना पॉजिटिव पाए गए। डॉक्टर भी कोरोना के इस ट्रेंड से बेहद परेशान हैं।
बताया जा रहा है कि इस तरह से मरीजों के दोबारा कोरोना पॉजिटिव पाया जाना शुरुआत है और आने वाले दिनों में इनकी संख्या बढ़ सकती है। दक्षिण कोरिया के डॉक्टर का कहना है, ‘हो सकता है कि मरीज दोबोरा संक्रमित न हुए हो बल्कि उनके शरीर में पहले से मौजूद वायरस फिर से सक्रिय हो गए हो।’ डॉक्टर मरीजों में फिर से कोरोना पाए जाने को लेकर अलग-अलग तर्क दे रहे हैं, लेकिन कोई भी किसी ठोस वजह को सामने नहीं रख पाए हैं।
बता दें कि दक्षिण कोरिया में अब तक कोरोना वायरस से 211 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को 27 नए मामले सामने आए। अबतक यहां कोरोना के 10,450 केस सामने आ चुके हैं। दक्षिण कोरिया में एक धार्मिक आयोजन से कोरोना वायरस फैलने की शुरुआत हुई थी। इसके बाद उस आयोजन में शामिल हुए 2.12 लाख लोगों की पहचान और व्यक्तिगत जानकारियां जुटाने का आदेश दिए गए। इसके बाद हर व्यक्ति का मेडिकल टेस्ट किया गया।
दक्षिण कोरिया सरकार ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए तुरंत सभी चर्च बंद करा दिए। इसके अलावा देश में होने वाले सभी विरोध-प्रदर्शन और बौद्ध कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। इतना ही नहीं दक्षिण कोरिया ने मास्क निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया। देश ने अपने चार स्तरीय वायरस अलर्ट को उच्चतम स्तर ‘रेड’ तक बढ़ा दिया।




