मिशन 2019 पर बीजेपी, आज होगी पीएम की महाबैठक, मोदी पार्टी को देंगे जीत के मंत्र

बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का आज दूसरा दिन है. रविवार को शुरू हुई इस बैठक का आज मुख्य दिन है. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक में शामिल होंगे. पार्टी अध्यक्ष अध्यक्ष अमित शाह के संबोधन के साथ मुख्य बैठक की शुरुआत होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के साथ इसका समापन होगा.
पार्टी की नजर 2019 के चुनाव पर
खास बात ये है कि इस बैठक में पहले बीजेपी के पदाधिकारी हिस्सा लेते थे. लेकिन इस बार पार्टी के लोकसभा और राज्यसभा सांसद भी शामिल होने जा रहे हैं. साफ है नजर 2019 के चुनाव पर है.
पहले सिर्फ 200 पदाधिकारी हिस्सा लेते थे
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में आमतौर पर स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्यों समेत करीब दो सौ पदाधिकारी हिस्सा लेते हैं. इस बार पार्टी के देश-भर के सांसदों, विधायकों को शामिल होने का न्योता देकर विस्तारित कार्यकारिणी की रूपरेखा तैयार की गई है.
इस बार शामिल होंगे करीब 2000 नेता
इस बार बैठक का प्रारूप आमतौर पर होने वाली बैठक से बड़ा है. बैठक में देश भर से पार्टी के सभी 281 लोकसभा सदस्य, 57 राज्यसभा सदस्य, 1400 के करीब विधायक और विधानपार्षद और प्रदेश इकाइयों के अध्यक्ष और महामंत्री हिस्सा लेंगे. माना जा रहा है कि 2200 के करीब नेता इसमें शामिल होंगे.
रोहिंग्या और जीएसटी पर विशेष प्रस्ताव भी पेश किए जाएंगे
बैठक के दौरान राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव भी पेश किए जाएंगे. राजनीतिक प्रस्ताव में रोहिंग्या मुसलमानों के मुद्दे को शामिल किए जाने की संभावना है, तो आर्थिक प्रस्ताव में जीएसटी से आए बदलाव और नोटबंदी से बदली परिस्थितियों का जिक्र हो सकता है.
- आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिन
बीजेपी और केंद्र सरकार इस साल को पंडित दीनदयाल जन्मशती वर्ष के रूप में भी मना रही है. 25 सितंबर यानी आज ही पंडित दीनदयाल का जन्मदिन भी है लिहाजा कार्यक्रम के दौरान साल भर में हुए कार्यक्रमों और पार्टी के विस्तारक कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा.
