*👉🏻 8 किलो अफीम, 3 किलो चूरा-पोस्त, एक ट्रक, एक कार सहित तीन तस्कर काबू*
जालंधर,8 मई 2019-(प्रदीप भल्ला)-कमिश्नरेट पुलिस के थाना सीआईए-1 की पुलिस ने परागपुर चौकी जीटी रोड पर नाकाबंदी दौरान एक 14 टायर ट्रक व अल्टो K10 कार में सवार तीन व्यक्तियों को काबू कर उनके पास से 8 किलो अफीम, 3 किलो चूरा पोस्त व ढाई लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की है।
जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि डीसीपी इन्वेस्टिगेशन गुरमीत सिंह के दिशा निर्देशों पर नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत सीआईए-1 की टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग राजस्थान से अफीम व चूरा पोस्त लाकर पंजाब में सप्लाई करते हैं। अगर जीटी रोड पर नाकाबंदी की जाए तो तस्कर काबू पा सकते हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने परागपुर रोड स्पेशल नाका बंदी कर ली। पुलिस पार्टी ने एक 14 टायर ट्रक को रोका जिसमें 2 लोग सवार थे और उसके साथ ही एक ऑल्टो K10 कार को भी रोका जिसमें एक व्यक्ति सवार था।
जिन की तलाशी लेने पर उनमें से 8 किलो अफीम, 3 किलो चूरा पोस्त और ढाई लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह पहले भी काफी समय से नशा तस्करी का कारोबार कर रहे हैं। वह राजस्थान से नशा लाकर पंजाब में अपने पक्के ग्राहकों को सप्लाई करते हैं। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरमीत सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी पिंड सोहल जगीर नकोदर थाना महितपुर जिला जालंधर देहाती, जोगा सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी पिंड महितपुर थाना महितपुर जिला जालंधर देहाती और अश्विनी कुमार पुत्र रतन निवासी मॉडल हाउस थाना डिवीजन नंबर 5 के रूप में बताई है।
————————————
–क्या करते हैं आरोपी–
1. आरोपी गुरमीत सिंह की उम्र 47 साल है और वह शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। आरोपी ने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। आरोपी पहले खेती बाड़ी का काम करता था। साल 2018 में आरोपी किसी निजी कंपनी का ट्रक चलाने लग पड़ा था। ड्राइवरी करते हुए वह ज्यादातर जालंधर से बैंगलोर के रूट पर ट्रक चलाता था। आरोपी ने 2012 में एक पुराना 10 टायरी ट्रक खरीद लिया था। आरोपी उसी ट्रक में नशा तस्करी करता था। आरोपी की इसी दौरान जोगा सिंह के साथ भी मुलाकात हो गई थी। दोनों मिलकर राजस्थान से नशा लाकर पंजाब में अपने पक्के ग्राहकों को बेचने लगे थे। आरोपी ने साल 2014 में 18 लाख रुपए कीमत का एक 12 टायरी ट्रक भी खरीद लिया था। जिसके बाद आरोपी गुरमीत सिंह ने मार्च 2019 में एक फाइनेंस कंपनी से 38 लाख रुपए में भी एक ट्रक खरीदा था। जिसमें वह बैंगलोर से नारियल, जिम और एलमिनियम का सामान लोड कर कर लाते थे। आज भी आरोपी नारियल, जिम का सामान और एलमिनियम का सामान लेकर आ रहे थे और इसी की आड़ में वह नशा छुपा कर लाए थे।

2. आरोपी अश्विनी कुमार ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह 48 साल का है। वह शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। उसने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की हुई है। वह जालंधर सब्जी मंडी में आलू का कारोबार करता है। आरोपी ने बताया कि वह ट्रक ड्राइवरों से अफीम लेकर खाया करता था। साल 2012 में वह अफीम खाने के साथ-साथ बेचने का धंधा भी करने लगा। आरोपी पर पहले भी नशा तस्करी का एक मामला दर्ज हुआ था। आरोपी राजस्थान से आने वाले ट्रक ड्राइवरों से अफीम मंगवा कर अपने पक्के ग्राहकों को बेचता था लेकिन अब 8-10 महीनों से वह आरोपी गुरमीत सिंह और जोगा सिंह के जरिए राजस्थान से अफीम मंगवाने लगा था। आरोपी अश्वनी कुमार करीब एक लाख रुपये किलो के हिसाब से राजस्थान से अफीम मंगवा कर यहां पर ₹1,60,000 में बेच देता था। आरोपी गुरमीत सिंह और जोगा सिंह को अफीम लाने के बदले प्रति किलो ₹10,000 देता था। आरोपी अब तक गुरमीत और जोगा सिंह के जरिए 10 किलो अफीम सप्लाई कर चुका है।
3. आरोपी जोगा सिंह की उम्र 40 साल है। वह शादीशुदा है लेकिन उसका कोई बच्चा नहीं है। आरोपी का अपनी पत्नी से तलाक हो चुका है। आरोपी अपने बड़े भाई के साथ ही गांव महितपुर में रहता है। करीब 10 साल से आरोपी गुरमीत सिंह के पास बतौर ट्रक ड्राइवर काम कर रहा है। आरोपी भी नशा करने का आदी है और आरोपी गुरमीत सिंह के साथ मिलकर नशा तस्करी का धंधा कर रहा है। आरोपी पर थाना डिवीजन नंबर आठ जालंधर में साल 2018 में नशा तस्करी का मामला दर्ज हुआ था।

