पैरेंट्स से मिले हैं 2.5 लाख से ज्यादा तो सरकार मांगेगी हिसाब

अगर आपको अपने पैरेंट्स से 2.5 लाख रुपए से ज्यादा कैश मिला है तो आप अलर्ट हो जाएं। केंद्र सरकार इस बारे में आपसे हिसाब मांग सकती है। आपकी इनकम सालाना 2.5 लाख रुपए से कम है या इससे ज्यादा इससे सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता है। आज हम आपको बता रहे हैं कि पैरेंट्स से मिले कैश पर टैक्स को लेकर क्या नियम हैं और सरकार आपसे और आपके पैरेंट्स से किस तरह के सवाल पूछ सकती है।
आपको पैरेंट्स से 2.5 लाख रुपए से ज्यादा मिला है कैश
अगर आपको अपने पैरेंट्स से 2.5 लाख रुपए से ज्यादा कैश मिला है और आपने यह पैसा अपने अकाउंट में जमा करा दिया है तो इस बड़ी राशि के ट्रांजैक्शन के बारे में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट आपको नोटिस दे सकता है कि आपके पाय यह पैसा कहां से आया है और आप की इनकम कितनी है। इनकम टैक्स के मौजूदा नियमों के तहत पैरेंट्स से मिले पैसे पर टैक्स नहीं लगता है।
नोटिस को ऐसे दे सकते हैं जवाब
सीए अतुल गर्ग ने moneybhaskar.com को बताया कि अगर आपको पैरेंट्स से मिले पैसे को लेकर इनकम टैक्स विभाग से नोटिस आता है तो आप इनकम टैक्स विभाग को बता सकते हैं कि यह पैसा आपको अपने पैरेंट्स से मिला है। ऐसे में आप पर इस पैसे को लेकर टैक्स की लायबिलिटी नहीं होगी। मौजूदा टैक्स नियमों के तहत माता पिता से मिले पैसे पर टैक्स नहीं लगता है।
आपके पैरेंट्स से हिसाब मांग सकती है सरकार
हालांकि इनकम टैक्स विभाग इस बात की तसदीक आपके पैरेंट्स से कर सकता है कि क्या उन्होंने आपको पैसा दिया है और यह पैसा उनके पास कहां से आया है। इसके अलावा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट यह भी पूछ सकता है कि इस पैसे पर टैक्स दिया गया है या नहीं। ऐसे में अगर आपके पिता ने आपको यह पैसा अपनी डिक्लेयर की गई इनकम से दिया तो कोई दिक्कत नहीं है लेकिन अगर पैसा अषोषित आय में से दिया गया है तो इनकम टैक्स विभाग उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई कर सकता है।


