*👉🏻 नकली टांग में अफीम छुपाकर ला रहा हैंडीकैपड तस्कर गिरफ्तार*
जालंधर,19 मार्च 2019-(प्रदीप भल्ला)-नकली टांग में अफीम छुपाकर ला रहे हंडीकैपड तस्कर को मकसूदां थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से 3 किलो अफीम बरामद की है। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि एसआई रघुनाथ सिंह थाना मकसूदा और एसआई सुरजीत सिंह ने पुलिस पार्टी सहित विधिपुर फाटक नजदीक नाकाबंदी की हुई थी। तभी जालंधर की तरफ से आ रही एक प्राइवेट बस में से एक मोना व्यक्ति उतरा जो कि लंगड़ा कर चल रहा था। पुलिस पार्टी को देख उक्त व्यक्ति घबरा गया और पैदल ही विधिपुर की तरफ जाने लगा। शक होने पर पुलिस पार्टी ने उक्त व्यक्ति को काबू कर उसकी तलाशी ली तो उसकी कमर पर बंधे हुए परने में से डेढ़ किलो अफीम बरामद हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने अपनी नकली टांग के जोड़ में डेढ़ किलो अफीम छुपाई हुई है। जिसे पुलिस पार्टी में बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मान सिंह पुत्र दान सिंह निवासी मध्य प्रदेश बताया। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।


