अमेरिका में आतंकी हमला: न्यूयॉर्क के लोअर मैनहटन में लोगों को ट्रक से कुचला, 8 की मौत
अमेरिका में बड़ा आतंकी हमला हुआ है. न्यूयॉर्क के लोअर मैनहटन में वर्ल्ड़ ट्रेड सेंटर मेमोरियल के पास एक ट्रक ड्राइवर ने पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी, जिसमें करीब आठ लोगों की मौत हो गई है और दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल हैं.
अमेरिकी पुलिस के मुताबिक, हमलावर 29 साल का आतंकी है. आतंकी जब हमले के बाद ट्रक से कूदकर भाग रहा था, उस वक्त पुलिस की गोली उसे लगी जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया है. हालांकि पुलिस ने अभी आतंकी की हालत का खुलासा नहीं किया है.
पुलिस के मुताबिक हमले के बाद आतंकी के पास से एक नकली बंदूक और एक पैलेट गन भी बरामद किया गया है. कुछ चश्मदीदों ने पांच से छ राउंड फायरिंग की आवाज सुनने का भी दावा किया है
अमेरिका के मैनहटन आतंकी हमले के पीछे किस संगठन का हाथ है, ये अभी साफ नहीं हुआ है लेकिन आपको बता दें कि आतंकी संगठन आईएस ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी में इसी तरह से भीड़ पर गाड़ी चढ़ाकर हमला कर चुका है.
हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ‘’बस बहुत हुआ. आईएस को मिडिल ईस्ट और हर जगह हराने के बाद उन्हें अमेरिका में लौटने या घुसने नहीं देंगे. मेरी संवेदनाएं आतंकी हमले के पीड़ित और उनके परिवार के साथ है. भगवान और पूरा अमेरिका आपके साथ है.’’
अमेरिका के मैनहटन में हमेशा हाई सिक्योरिटी अलर्ट रहता है. मैनहटन 16 लाख से ज्यादा आबादी वाला शहर है. मैनहटन अमेरिका का प्रमुख आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्र है. अमेरिका की कई बड़ी रेडियो, टीवी और दूरसंचार कंपनियां मैनहटन में ही मौजूद हैं.






