*👉🏻 लोगों को झांसे में लेकर धोखे से एटीएम के जरिये रुपये निकलवाने वाले तीन काबू* *👉🏻 एटीएम कार्ड, नकदी व अन्य सामान बरामद*
जालंधर,9 मई 2019-(प्रदीप भल्ला)-थाना डिवीजन नं 4 की पुलिस ने लोगों को झांसे में लेकर एटीएम के जरिये रुपये निकलवाने वाले तीन आरोपियों को काबू किया है। जानकारी देते हुए एडीसीपी-1 डी.सुडरविली ने बताया कि रोशन लाल पुत्र राम सिंह निवासी सतनाम नगर में थाना 4 में शिकायत दी थी कि वह 1 मई को शाम 6:00 बजे पीएनबी ब्रांच के एटीएम से रुपये निकलवाने के लिए गया था। जैसे ही वह रुपए निकलवाने लगा तो उसके पीछे एक अज्ञात युवक आकर खड़ा हो गया। रुपए ना निकलने के कारण उक्त युवक ने मदद करने के लिए कहा, तो रोशन लाल मान गया। उक्त युवक ने रोशन लाल का एटीएम ले कर रुपए निकालने की कोशिश की, लेकिन रुपए ना निकलने पर उक्त व्यक्ति ने रोशन को कहा कि एटीएम खराब है इसलिए रोशनी वापस आ गया। मगर 1 मई से लेकर 3 मई तक एटीएम से ₹95,000 निकलवाए और एटीएम के जरिए होशियारपुर अड्डा नजदीक स्थित लंदन फैशन नामक दुकान से ₹19,000 की शॉपिंग भी की गई। जांच दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान विजय देसवाल पुत्र रजिंदर सिंह देसवाल निवासी बलदेव नगर नजदीक बशीरपुरा, संजीव कुमार उर्फ बॉबी पुत्र रोशन लाल निवासी मुस्लिम कॉलोनी जालंधर और अजय कुमार पुत्र प्रेमचंद निवासी पिंड नूरपुर जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 एटीएम कार्ड, शॉपिंग किया हुआ सामान, ₹25,000 की नकदी और 5 मोबाइल फोन बरामद किये है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी।


