मालिक के घर चोरी कर घर भागा शख्स बिहार से गिरफ्तार, 38 लाख के गहने,और इतने लाख कैश बरामद

मुम्बई के कारोबारी के घर से लाखों रुपये के आभूषण और कैश की चोरी कर घर भागे एक शख्स को जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने गिरफ्तार श्रीकांत यादव के घर से 38 लाख का आभूषण और साढ़े आठ लाख नगद बरामद किया है. लाखों का आभूषण और नगद के चोरी का आरोपी श्रीकान्त यादव मुंबई के कारोबारी विवेक जगन्नाथ भोले के घर मजदूरी का काम करता था. मुंबई के कादम्बली थाना में केस दर्ज होने के बाद ये कार्रवाई की गई.
मुम्बई और जिला पुलिस ने चंद्रमंडीह थाना के सगदनीडीह गांव स्थित घर से श्रीकांत यादव को गिरफ्तार किया जहां से चोरी के आभूषण और नगद बरामद किया गया. पुलिस ने बताया है कि कारोबारी के घर में इंटीरियर का काम करने वाले श्रीकांत यादव ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था. बताया जा रहा है कि श्रीकांत यादव अपनी पत्नी के साथ बुधवार को मुम्बई से अपने घर लौटा था.





