गुरु नानक देव इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी बनाने के लिए दी 70 एकड़ जमीन, जल्द रखी जाएगी नींव
पाकिस्तान ने ननकाना साहिब में गुरु नानक देव के नाम पर एक अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए 70 एकड़ जमीन आवंटित की है। पाक के पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने कहा, लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर सिखों के पहले गुरु की जन्मस्थली में बाबा गुरु नानक इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (बीजीएनआईयू) के निर्माण के लिए धन आवंटित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रांत में आने वाले बजट का हिस्सा होगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार ननकाना साहिब में पुलिस लाइन, जेल और नेशनल रजिस्ट्रेशन डाटाबेस ऑथोरिटी भी स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि देश में रहने वाले सिख समुदाय की मांग रही है कि गुरु नानक के नाम पर यहां विश्वविद्यालय स्थापित किया जाए।
विश्वविद्यालय का प्रस्ताव सबसे पहले 2003 में रखा गया था। दो साल पहले इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड ने परियोजना को अंतिम मंजूरी दी थी।
तब बोर्ड के चेयरमैन सिद्दीकुल फारूक ने कहा था कि इससे पाकिस्तान में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि भी सुधरेगी। बता दें कि इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान की पंजाब यूनिवर्सिटी ने गुरु नानक देव के संदेशों को बढ़ावा देने के लिए बाबा गुरु नानक रिसर्च चेयर का गठन किया था।






