‘रेमल’ ने किया और प्रचंड रूप अख्तियार, 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान

नई दिल्ली: चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ ने और प्रचंड रूप अख्तियार कर लिया है। इसके आज आधी रात तक बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के समुद्री तटों से टकराने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस संबंध में अलर्ट जारी करते हुए कहा कि ‘रेमल’ के तटों पर पहुंचते ही 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। उनकी रफ्तार 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक होगी। चक्रवात के कारण पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में अत्यधिक भारी बारिश और कोलकाता समेत आसपास के क्षेत्रों में जोरदार बारिश का अनुमान है। वहीं चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उच्च स्तरीय बैठक की है।
‘रेमल’ पर पीएम मोदी की बड़ी बैठक
पीएम मोदी ने इस बैठक में अधिकारियों से चक्रवात ‘रेमल’ से निपटने को लेकर की जा रही तैयारियों और प्रयासों की समीक्षा की। मौसम विभाग के मुताबिक, ‘रेमल’ उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। ये रविवार आधी रात तक मोंगला बंदरगाह के दक्षिण-पश्चिम में सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) और खेपुपारा (बांग्लादेश) के बीच तटों से टकराएगा। कोलकाता में मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वी क्षेत्र के प्रमुख सोमनाथ दत्ता ने कहा कि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आज 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस साइक्लॉन से कोलकाता, हावड़ा, हुगली और पूर्व मेदिनीपुर प्रभावित होंगे।




